सहरसा संवादाता मो० इम्तियाज
पंडित राजेंद्र मिश्र कांग्रेस भवन जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस पार्टी का 137 वां स्थापना दिवस बुधवार को समारोह उत्साह पूर्वक मनाया गया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अनिल कुमार मिस्त्री के संचालन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विद्यानंद मिश्र ने झंडोत्तोलन किया। इससे पूर्व वंदे मातरम ध्वज गीत एवं राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन हुआ। तदोपरांत आज के इस ऐतिहासिक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष विद्यानंद मिश्र ने कहा कि आज के दिन भारत जैसी एक अति प्राचीन सभ्यता को एक आधुनिक राष्ट्र राज्य के रूप में बदलने का संकल्प लिया गया तथा उसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी की स्थापना 1885 ई मे की गई। जिसके सर्वप्रथम अध्यक्ष एक उदारवादी प्रजातांत्रिक मूल्यों में विश्वास करने वाले अंग्रेज ए ओ ह्यूम हुए।
तत्पश्चात कांग्रेस आंदोलन कई दौरों से गुजरा। और अंततः एक लंबे संघर्ष के बाद महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत को आजादी मिली।उन्होने कहा कि भारत एक प्रभुत्वसंपन्न स्वतंत्र प्रजातांत्रिक पद्धति से शासन करने वाला एक पंथनिरपेक्ष राष्ट्र बना। भारत को एक सार्वभौम संविधान मिला। किंतु पिछले 8 वर्षों से इन संवैधानिक संस्थाओं पर भाजपा की सरकार लगातार आक्रमण कर रही है।वही सभी लोकतांत्रिक मूल्यों को भी नष्ट किया जा रहा है ।प्रजातंत्र के स्तंभ लड़खड़ा रहे हैं। देश निरंतर सभी मोर्चों पर पिछड़ रहा है। आर्थिक बदहाली मुंह बाए खड़ी है। इसलिए आज के इस ऐतिहासिक दिन पर कांग्रेसजन संकल्प लेते हैं कि अपने प्राणों की आहुति देकर भी स्वतंत्रता और भारत के संविधान को किसी भी कीमत पर बरकरार रखेंगे तथा कांग्रेस के नेतृत्व में पिछले 7 दशकों में हुए विकास को अनवरत बनाए रखेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद नईम उद्दीन, मुकेश कुमार झा, हीरा प्रभाकर, प्रवक्ता साबिर हुसैन, विमल कांत झा, कहरा प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, सोशल मीडिया के संयोजक आशीष कुमार,युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज निराला, प्रदेश महासचिव मृणाल कामेश, सहरसा विधानसभा के युवा अध्यक्ष बाबुल कुमार सिंह, इंटक जिला अध्यक्ष सत्यनारायण चौपाल, संजय शर्मा, मोइनुद्दीन,आशा देवी, गियासुद्दीन खान, बैद्यनाथ झा,मनोज झा,मनीष कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।