हरियाणा का मेवात, सोमवार को एकाएक दंगों की चपेट में आ गया। दो समुदायों के बीच हुए दंगे में पुलिस सहित कई लोग घायल हुए हैं। कई क्षेत्रों में एक समुदाय विशेष के लोगों में डर देखा गया। इसके चलते कुछ लोगों ने अपना आशियाना छोड़कर दूसरी जगह पर शरण ली है। उपद्रवियों ने साइबर पुलिस थाने में जबरदस्त तोड़फोड़ के बाद वहां पर आग लगाने का प्रयास किया। थाने के भीतर और बाहर खड़े कई वाहन जलते हुए नजर आए। शाम तक उपद्रवी, लोकल पुलिस के कंट्रोल से बाहर हो चुके थे, लिहाजा हरियाणा सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से सुरक्षा बल भेजने की मांग की। इसके बाद केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियों को मेवात में रवाना कर दिया गया। सूत्रों का कहना है कि मेवात में दंगाइयों पर अगले ‘144’ घंटे भारी पड़ेंगे। कहीं पर भी छिपे उपद्रियों को बाहर निकाला जाएगा। इसके लिए लोकल पुलिस ने केंद्रीय बलों की मदद से एक सर्च आपरेशन शुरु किया है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 2000 जवानों की तैनाती छह अगस्त तक की गई है। इसमें महिला जवान भी शामिल हैं।