गागलहेड़ी। छजपुरा पटाखा फैक्टरी में लगी आग से दो लोगों की मौत के प्रकरण में पुलिस एक सप्ताह बाद भी नामजद फैक्टरी मालिक सहित चार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के छजपुरा गांव में स्थित जय भवानी फायर वर्क्स में अब तक चार बार आग लग चुकी है। बीते शुक्रवार की देर रात भी फैक्टरी में आग लग गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने फैक्टरी मालिक सुमन लाम्बा, गोरी लाम्बा, हनी लाम्बा, जुगनू के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। उस वक्त आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया था, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी प्रकरण में एक गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस पटाखा फैक्टरी में कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी है उसके बाद भी प्रशासन द्वारा इसे चलाने की अनुमति किस आधार पर दी जाती है इसकी जांच कराई जानी चाहिए। उधर, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ सदर ने नेतृत्व में तीन टीमें लगी हुई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
