डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 20 और 21 सितंबर को होगा आयोजन सहारनपुर। पहली उत्तर प्रदेश राज्य गोलबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी की जिम्मेदारी सहारनपुर को मिली है। प्रतियोगिता डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 20 और 21 सितंबर को होगी, जिसमें दृष्टिबाधित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि गोलबॉल खेल ओलंपिक में शामिल है। प्रदेश में पहली बार राज्य स्तर पर प्रतियोगिता होने जा रही है, जिसको कराने की जिम्मेदारी सहारनपुर को मिली है। यह सहारनपुर के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता गोलबॉल इंडियन ब्लाइंड एसोसिएशन के सचिव डेविड और स्वराज सिंह की देखरेख में होगी। प्रतियोगिता का आयोजन गोलबाॅल इंडियन ब्लाइंड एसोसिएशन उत्तर प्रदेश एवं जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति सहारनपुर द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशन में हो रहा है। उन्होंने बताया कि गोलबाल ओलंपिक मान्यता प्राप्त खेल है, जिसकी टीम ओलंपिक में प्रतिभाग करती है। प्रतियोगिता में एटा, मैनपुरी, आगरा, अलीगढ़, शामली, लखनऊ, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर के खिलाड़ी भाग लेंगे।
