Saharanpur News: धूमधाम से निकाली गजरथ यात्रा

Saharanpur News: धूमधाम से निकाली गजरथ यात्रा

सहारनपुर। जैन वार्षिक गजरथ महोत्सव यात्रा श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हो गई। यात्रा का मुख्य आकर्षण श्रीजी का 17 फिट ऊंचा स्वर्ण मंडित रथ रहा। सोमवार को जैन बाग स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर गजरथ यात्रा का शुभारंभ जैन समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार जैन, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, महापौर डॉक्टर अजय सिंह, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने किया। इन सभी को रथ पर सारथी बनने का सौभाग्य मिला। जैन समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार जैन ने कहा कि यह हमारे परम सौभाग्य की बात है कि जैन संतों के सानिध्य में जैन वार्षिक गजरथ महोत्सव यात्रा भक्तिभाव से संपन्न हो गई। जल्द ही ऐतिहासिक पंचकल्याणक महोत्सव होगा।महापौर डॉक्टर अजय सिंह ने सभी को वार्षिक गजरथ महोत्सव यात्रा की शुभकामनाएं दी। विधायक मुकेश चौधरी और विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि वह सौभाग्य मानते हैं कि उन्हें गजरथ यात्रा में शामिल होने का मौका मिला है।

यात्रा में सबसे आगे जैन धर्म का ध्वज लिए युवक चल रहे थे तो उसके पीछे जैन धर्म के सिद्धांत को दर्शाते हुए बैनर लेकर समाज के लोग चल रहे थे, जिसके माध्यम से जियो और जीने दो का संदेश दिया गया। मार्ग में कई जगहों पर शोभायात्रा का स्वागत हुआ और श्रीजी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विभिन्न झांकियां जैन धर्म के सिद्धांतों और 24 तीर्थंकर के जीवन के मुख्य बिंदुओं को दर्शा रहती थी। यात्रा में सतेंद्र जैन व राजीव जैन को श्रीजी के रथ ख्वासी बनने का सौभाग्य मिला। चौक फव्वारा पर जामा मस्जिद के निकट मुस्लिम समाज के लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा विभिन्न बाजारों से होते हुए श्री दिगंबर जैन पंचांग मंदिर पहुंची, जहां श्रीजी का अभिषेक इंद्र वेश धारण किए श्रावको ने विधि विधान व मंत्रोचारण के साथ किया। इस दौरान विनय जैन, मयंक गर्ग, संजीव जैन, संजय जैन, नितिन जैन, नीरज जैन, विपिन जैन,मुकेश जैन, राजीव जैन, अनिल जैन, अरूण जैन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *